24 कैरेट सोना क्या है? शुद्ध सोना को 24 कैरेट क्यों कहते हैं

हममें से बहुतों के मन में यह सवाल कभी न कभी जरूर उठा होगा कि 24-कैरेट सोना क्या है? और यह भी कि 24-कैरेट सोना शुद्ध क्यों कहलता है? शुद्ध सोने को 24-कैरेट कहने की बजाए 100-कैरेट क्यों नहीं कहा जाता?

जी हां यह सच है, शुद्ध सोना 24 कैरेट कहलाता है। आम तौर पर सोने के आभूषण शुद्ध सोने के नहीं बने होते। शुद्ध सोने का बना आभूषण मुलायम होने के कारण बेहद लचीला होगा और थोड़े से दबाव पड़ने से ही मुड़कर उसका आकार बिगड़ जाएगा। इससे बचने के लिए सोने में तांबा, चांदी या जिंक जैसी दूसरी धातुओं की मिलावट की जाती है ताकि ऐसे मिश्रित सोने में आभूषण बनाने लायक जरूरी कठोरता आए। व्यावहारिक उपयोग के लिए ऐसा मिश्रित सोना 22 कैरेट, 18 कैरेट या उससे भी कम कैरेट का होता है, जबकि विशुद्ध सोने को 24 कैरेट सोना कहा जाता है।

24 कैरट सोना / 24 carat gold in hindi

24-कैरेट सोना क्या है

24 कैरेट सोना या 22 कैरेट सोना कहने का मतलब क्या है?

जिस तरह हम किसी भी मिश्रण को 100 की इकाई के रूप में यानी प्रतिशत के रूप में व्यक्त करते हैं उसी तरह आभूषण या सोने की बनी किसी वस्तु में सोने की शुद्धता को उसके 24 भाग के संदर्भ में व्यक्त किया जाता है।

यानी, सोने से बनी किसी वस्तु के 24 भाग में कुल 24 भाग सोना ही हो तो उसे 24 कैरेट सोना या शुद्ध सोना कहा जाएगा। उदाहरण के तौर पर यदि कोई सिक्का 24 ग्राम का है और संपूर्ण 24 ग्राम सोना ही है तो वह 24 कैरेट शुद्ध सोने का सिक्का होगा।

लेकिन, यदि कोई वस्तु 24 ग्राम वजन का है और उसमें 22 ग्राम सोना है और 2 ग्राम कोई अन्य धातु तो उसे  22 कैरेट सोना कहेंगे। इसी तरह, यदि वस्तु 24 ग्राम वजन का है और उसमें 18 ग्राम सोना है और 6 ग्राम कोई अन्य धातु तो उसे 18 कैरेट सोना कहेंगे।

मतलब, 24 कैरेट सोने का सिक्का 100% शुद्धता वाला सोने का सिक्का कहलाएगा। कैसे?
देखिए-  [24 कैरेट ‌‌= 24/24 x 100 = 100] यानी, इसमें सोने की शुद्धता 100% प्रतिशत हुई।

इस तरह, 24 कैरेट के रूप में व्यक्त किया जाए तो 22 कैरेट सोना का अर्थ हुआ 22 भाग सोना और 2 भाग कोई और अन्य धातु। प्रतिशत के रूप में-  [22 कैरट = 22/24 x 100 = 91.67] यानी, 22 कैरेट सोने का मतलब हुआ 91.67% शुद्धता वाला सोना।

इसी तरह, 24 कैरेट के पैमाने पर 18 कैरेट सोना का मतलब होगा 18 भाग सोना और 6 भाग कोई अन्य धातु। प्रतिशत में, [18 कैरट =  18/24 x 100 = 75] यानी, 18 कैरेट सोने का मतलब हुआ 75% शुद्धता वाला सोना।

अब, क्या आप बता सकते हैं 18 कैरेट शुद्धता वाले 250 ग्राम वजन के सोने के गहने में कुल शुद्ध सोना कितना ग्राम होगा? 😆 

शुद्ध सोना 24 कैरेट क्यों कहलाता है?

आज शुद्ध सोने के लिए 24 कैरेट गोल्ड कहने का प्रचलन पूरी दुनिया में है। जबकि, कैरेट ( ब्रिटिश ‘carat’ या अमेरिकी ‘karat’) दरअसल पुराने यूरोप में भार की एक इकाई थी। 1 कैरट वजन 200 मिलीग्राम यानी 0.2 ग्राम के बराबर हुआ करता था।

जर्मनी में mark नामक शुद्ध सोने के सिक्के का प्रचलन था जिसका वजन 4.8 ग्राम हुआ करता था। इस 4.8 ग्राम के शुद्ध सोने के सिक्के को वजन की कैरेट इकाई में कहने पर 0.2 ग्राम प्रति कैरेट के हिसाब से 24 कैरेट कहा जाता था। इसी से शुद्ध सोने के लिए 24 कैरेट शब्दावली प्रचलन में आई।